बिलासपुर। चेतना संस्था और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग बिलासपुर के तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र बिलासपुर के खेल मैदान में दिव्यांग बच्चों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिलाभर से 180 दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश बहादुर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
दिव्यांग छात्र व छात्रा खिलाड़ियों के लिए आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सॉफ्ट बॉल, बैडमिंटन सहित दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बहादुर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कहा कि इन बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और शिक्षित करने और खेलकूद में अध्यापकों व अभिभावकों की अहम भूमिका होती है।
चेतना संस्था के प्रबंधक ने कहा कि जिला स्तर की खेलों के विजेता बच्चें राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे। सोफ्ट वॉल थ्रो प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में करण प्रथम, सौरभ द्वितीय और अक्षय तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में रीतिका प्रथम, दीक्षा द्वितीय और रीतिका तीसरे स्थान पर रही। बोसी खेल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में चेतना संस्था झंडूता विजेता, चेतना संस्था बिलासपुर उपविजेता, महिला वर्ग में चेतना संस्था झंडूता विजेता और चेतना संस्था बिलासपुर उपविजेता रही। बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में आयुष विजेता, अमन उपविजेता, महिला वर्ग में ऊषा विजेता रही।
100 मीटर दौड़ में 13 वर्ष से कम उम्र में लखविंद्र प्रथम, विनोद द्वितीय और रवि व आकाश तीसरे स्थान पर रहे। 13 से 17 वर्ष की 100 मीटर की दौड़ में पुरुष वर्ग में राकेश प्रथम, दीपक द्वितीय तथा दिव्यांशु तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में शालु प्रथम, ऊषा द्वितीय और पूजा तीसरे स्थान पर रही। 18 से 35 वर्ष के दिव्यांगों की 100 मीटर की दौड़ में सुनील प्रथम, शिवांजली द्वितीय और पूजा तीसरे स्थान पर रही। 200 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में मनोज प्रथम, पवन द्वितीय, गगन तृतीय, महिला वर्ग में शालु प्रथम, शिवांजली द्वितीय तथा उमा तीसरे स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में आयुष प्रथम, संजय द्वितीय और आशीष तीसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी श्यामलाल कौंडल, प्रधान कश्मीर सिंह, पूर्व प्रधान जगदीश नड्डा, सचिव नीना कौशल, रामलाल पुंडीर, कमलेश उपस्थित रहे।