बिलासपुर। जिला के श्री नयनादेवी विस क्षेत्र के तहत करोट में डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण समिति और क्षेत्र के लोगों ने मिलकर कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों का आरोप है कि आज दिन तक दोनों ही दल उनकी समस्या का समाधान नहीं कर पाए।
सालों से चली आ रही उनकी सड़क की मांग आज दिन तक पूरी नहीं हो पाई। जबकि अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। इस कारण वे दोनों की दलों का विरोध करेंगे और इस बार मतदान के समय नोटा का बटन दबाएंगे।
डॉ. भीमराम अंबेडकर समाज कल्याण समिति ग्राम पंचायत डोभा के अध्यक्ष रीहू राम, उपप्रधान चमन लाल धीमान, सचिव संजय कुमार, सहसचिव नरेंद्र कुमार, सलाहकार चमन लाल धीमान और अन्य लोगों छोटा राम, रत्न लाल, पवन कुमार, किशोरी लाल, सुनील, सुरजीत, नीलू, संदीप कुमार, सुरेश कुमार, सोनू, लच्छू राम, रोशन लाल, बाबूराम, रामपाल, अनंत राम, सवित्री देवी, प्रभी देवी, लीला देवी, विमल देवी, सुनीता देवी, विमला देवी सहित अन्य का कहना है कि चुनाव के समय नेता उनके पास वोट मांगने आते हैं और इस दौरान बड़े-बड़े वायदे करते हैं। लेकिन, चुनाव के बाद उनकी सुध लेने कोई नहीं आता है।
लोगों का कहना है कि उन्हें आज दिन तक सड़क सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा हैं। लोगों का कहना है कि 2012 में क्षेत्र के लिए सड़क का काम शुरू हुआ था। इस दौरान एक पुल का निर्माण भी हुआ। लेकिन, पुल का लाभ भी केवल दो-चार परिवारों के लिए ही है। जबकि इस पुल के लिए सरकार की ओर 18-20 लाख रुपये खर्च हुए हैं। लोगों का कहना है कि नेताओं को चुनाव के समय उनकी याद आती हैं। इसलिए सभी लोगों ने इस बार फैसला लिया है कि वह नोटा का बटन दबाएंगे।
सत्ता में आने पर सड़क का होगा निर्माण : रणधीर शर्मा
विधायक रणधीर शर्मा का कहना है कि भाजपा ने सड़क का कार्य शुरू किया था। लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही काम पूरा नहीं किया। भाजपा सत्ता में आते ही फिर से काम शुरू करेगी। इस संबंध में लोगों से भी मिलेंगे।