रितेश गुलेरिया
बिलासपुर।
अल्ट्राटेक सीमेंट उद्योग में चल रहे सभी ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे वाहन मालिक और डिलर मोबाइल फोन पर वाहनों की लोकेशन देख सकेंगे। इसके साथ ही वाहनों की चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। यह सिस्टम सीमेंट उद्योग में चल रहे करीब चार हजार ट्रकों में लगाए जाएंगे। कंपनी ने फैसला लिया है कि ट्रकों पर जीपीएस सिस्टम निशुल्क लगाए जाएंगे। हालांकि इसके रखरखाव के लिए कंपनी ऑपरेटरों से हर महीने 225 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। यह फैसला हाल ही में हुई कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक में लिया गया है।
जीपीएस सिस्टम लगने के बाद सीमेंट उद्योग में ट्रक के लोड होते ही एक मेसेज ट्रक मालिक को और एक मेसेज सीमेंट डिलर को चला जाएगा। ट्रक के फैक्ट्री से बाहर निकलते ही इसकी पूरी लोकेशन मोबाइल फोन पर लोकेट होती रहेगी। मालिक और डिलर देख सकेगा की उनका ट्रक इस समय कहां पहुंचा है। कंपनी की ट्रकों में जीपीएस लगाने के पीछे का कारण यह है कि ट्रक चालक मनमर्जी नहीं कर पाएंगे। इसके साथ ही न ही मालिक और सीमेंट डिलर को देरी से पहुंचने को लेकर गुमराह कर पाएंगे। देखा गया है कि ट्रक चालक सीमेंट लोड करने के बाद मर्जी से जहां मर्जी ट्रक खड़े कर देते हैं। इसके कारण डिलर के पास सीमेंट पहुंचाने में देरी होत जाती है। जबकि ट्रक चालक कई बार मालिकों को भी गुमराह करते हैं। सीमेंट लोड करने के बाद ट्रक को खड़ा कर के अपने घरों में चले जाना और मालिक को बताना की जाम में फंसे हैं, ऐसे कई बहाने हैं जिससे ट्रक चालक सीमेंट की सप्लाई में देरी होती है। खारसी सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने बताया हाल ही में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। उन्होंने इस कदम को उठाने के लिए कंपनी का आभार प्रकट किया है। इसके अलावा जेपी सभा के प्रधान महेंद्र सिंह, मांगल सभा सदस्य दीप चंद शर्मा और सुरेंद्र वर्मा ने इस फैसले के लिए कंपनी का आभार प्रकट किया गया हैं। ट्रकों में जीपीएस लगाने के बाद चोरी की घटनाओं पर भी लगाम लगेगी। अगर कोई गाड़ी चोरी कर भी ले जाता है तो जीपीएस के कारण आसानी से पकड़ में आ जाएंगे। क्योंकि ट्रक की पूरी की पूरी लोकेशन मालिक के मोबाइल पर आती रहेगी।