घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मोत्सव के दूसरे दिन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फुटबाल का फाइनल मुकाबला एनएसी घुमारवीं और घुमारवीं क्लब के बीच में खेला गया जिसमें घुमारवीं क्लब ने एनएसी घुमारवीं को 3-0 से मात दी। खेलकूद प्रतियोगिता के कबड्डी प्रतिस्पर्धा का शुभारंभ निजी बस ऑपरेटर यूनियन के जिला प्रधान राजेश पटियाल ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया।
पटियाल ने कहा कि खेल से भी खिलाड़ी अपने भविष्य को संवार सकता है, लेकिन इसके लिए उसे पूरी तरह से खेल के लिए समर्पित होने की आवश्यकता है। फुटबाल प्रतिस्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर जिला फुटबाल संघ के प्रधान रविंद्र सिंह लिल्ली मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। फुटबाल के पहले सेमीफाइनल में एलएफसी घुमारवीं क्लब ने बिलासपुर को 2-1 से मात दी। जबकि दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एनएसी घुमारवीं ने एलएफसी बिलासपुर को 1-0 से मात दी।
इसके साथ ही बास्केटबाल में घुमारवीं टीम ने भराड़ी को 45-20, शिवा कॉलेज ने कुठेड़ा को 29-13 तथा दधोल ने संतोषी आईटीआई को 42-25 से मात दी। मैच में कश्मीर सिंह, रितेश, सुनील कुमार, पवन कुमार, संजय कुमार शर्मा ने मैच रैफरी के रूप में भूमिका निभाई।