बारात से लौट रही गाड़ी पलटी, एक की मौत
देर रात दधोल के पास हादसा, पांच गंभीर घायल
108 की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी/घुमारवीं (बिलासपुर)।
शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं, पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा शुक्रवार देर रात उस समय हुआ जब एक जाइलो गाड़ी बारात से लौट कर घुमारवीं के लिए वापस आ रही थी। घुमारवीं से करीब दस किमी पहले दधोल के पास ही गाड़ी पलट गई। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी घुमारवीं से ऊना के लिए बारात लेकर आई थी। रात को गाड़ी ऊना से घुमारवीं बारात लेकर वापस लौट रही थी कि रात करीब दो बजे घुमारवीं से करीब दस किमी पहले दधोल के पास चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोग गाड़ी के गिरने की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले और 108 की मदद से घायलों को घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे। इनमें से एक की मौत हो गई और पांच लोगों को चोटें आई हैं, जबकि दो लोग सुरक्षित हैं। हादसे में सोहन सिंह निवासी पुराना बस अड्डा घुमारवीं की मौत हो गई। जबकि, परस राम (74), राकेश (53), सुभाष (48), अमृतलाल (74) और चालक सुमन कुमार (21) वर्ष घायल हो गए हैं। इनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। हादसा इतना भयानक था कि जाइलो गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।