बरमाणा (बिलासपुर)। बिलासपुर में शनिवार शाम को हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को मायूस कर दिया है। खेतों में काटकर रखी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। वहीं खेतों में उगाई गई सब्जियां भी ओलावृष्टि से खराब हो गई हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। हालांकि किसानों ने स्थानीय विधायक व विभाग के अधिकारियों से मुआवजा देने की गुहार लगाई है।
बिलासपुर जिले में शनिवार शाम को एकाएक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। देखते ही देखते ओलावृृष्टि ने भी रौद्र रूप धारण कर लिया। इससे पहले की किसान कुछ कर पाते खेतों में रखी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। धार-टटोह में खेतों में उगी किसानों की सब्जियां भी पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। इसके अलावा क्षेत्र में आम की फसल को भी खासा नुकसान पहुंचा है। आम के छोटे-छोटे फल ओलावृष्टि से गिर गए हैं।
धार-टटोह के बुद्धि राम का कहना है कि खेतों में कद्दू, घिया, टमाटर, शिमला-मिर्च, भिंडी सहित अन्य सब्जियां उगा रखी थीं। सब्जियां बेचकर ही अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। लेकिन बारिश व ओलावृष्टि से सब्जियां खराब हो गईं। लीची भी बारिश व ओलावृष्टि से नष्ट हो गई है। किसानों और बागवानों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का मुआवजा दिया जाए।