नयनादेवी (बिलासपुर)। धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-14 लांग जंप में बिलासपुर का नेतृत्व करते हुए सीनियर सेकेंडरी स्कूल तरसूह की आठवीं कक्षा की छात्रा सोनाक्षी पाठक ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
सोनाक्षी पाठक ने प्रतियोगिता में 14 फीट 2 इंच लंबी छलांग लगाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। तीन बहनों में दूसरे स्थान पर सोनाक्षी खेलों की तरह पढ़ाई में भी अव्वल आती है। साधारण परिवार में जन्मी यह बच्ची पढ़ाई एवं खेलों में अपने स्कूल में अग्रणी है। पिता जयकुमार पूजा-अर्चना का काम कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनकी बेटी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम रहकर उनको गौरवान्वित किया है। सोनाक्षी अब राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।