बिलासपुर। भारत की एक बड़ी निजी कंपनी हिमाचल सरकार के साथ मिलकर सूबे के दो अस्पतालों में डिजिटल तंत्रिका केंद्र खोलने जा रही है। इन केंद्रों में मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी मदद की जाएगी। अगर कोई मरीज अस्पताल में पर्ची बनाना चाहता है या फिर चिकित्सक के बारे पता करना चाहता है तो केंद्र में बैठे कर्मचारी संबंधित व्यक्ति की पूरी मदद करके उसे फोन पर ही सारी जानकारी प्राप्त करवाएगा।
हिमाचल सरकार के साथ भारत की निजी कंपनी ने बैठक कर सूबे के बिलासपुर और कुल्लू जिला को चिह्नित किया है। कुल्लू जिला में टीम ने सर्वे पूरा कर लिया है और बिलासपुर जिला में टीम सर्वे कर रही है। वहीं, सोमवार को टीम ने बिलासपुर अस्पताल का भी दौरा किया है और उन्होंने अस्पताल में कहां केंद्र स्थापित करना है उसके लिए स्थान भी चिह्नित कर लिया है।
वहीं, अप्रैल माह में ही निजी कंपनी ने हिमाचल सरकार के साथ एमओयू भी साइन किया है जिसके लिए हिमाचल सरकार ने इन केंद्रों को खोलने के लिए अंतिम मुहर भी लगा दी है। बता दें कि कुल्लू जिला में जल्द ही यह सेंटर कंपनी शुरू करने जा रही है।
वहीं, बिलासपुर की जनसंख्या का सर्वे पूरा कर यहां पर भी यह सेंटर शुरू हो जाएगा। सर्वे के लिए कंपनी ने जिला की आशा वर्कर्स, हेल्थ वर्कर्स को डोर-टू-डोर आंकड़ा जुटाने के लिए कार्यभार दिया गया है। यह वर्कर्स हर घर में कितने सदस्य, उम्र और किन बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति का सारा रिकॉर्ड तैयार कर रही है।
इनसेट...
कुल्लू में होगा सेंटर का मुख्य ऑफिस
डिजिटल तंत्रिका सेंटर का मुख्य कार्यालय कुल्लू में स्थापित किया गया है। कुल्लू में ही बिलासपुर जिला की मानीटरिंग की जाएगी। अगर कोई व्यक्ति स्वास्थ्य संबंधी कोई जानकारी प्राप्त करना चाहता है तो कुल्लू कार्यालय में टॉल फ्री 1800-180-3462 नंबर पर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
इनसेट..
पीएचसी और सीएचसी में लगाए जाएंगे वीडियो कैमरे
अगर कोई चिकित्सक किसी संबंधित बीमारी के विशेषज्ञ से बात करना चाहता है तो उनके लिए कंपनी वीडियो कान्फ्रेंस की भी सुविधा देगी। कुल्लू जिला की पीएचसी और सीएचसी सेंटरों में वीडियो कैमरा स्थापित कर दिए गए हैं। वहीं, बिलासपुर जिला में इसी सप्ताह वीडियो कैमरे को लगाने के लिए कंपनी ने कार्ययोजना तैयार कर ली है।
इनसेट...
निजी कंपनी और हिमाचल सरकार के संयुक्त प्रयासों से शुरू होंगे केंद्र
सूबे के बिलासपुर और कुल्लू जिला में डिजिटल तंत्रिका केंद्र खोले जा रहे है। यह केंद्र भारत की एक निजी कंपनी व हिमाचल सरकार के संयुक्त प्रयासों से शुरू हो रहे हैं। इन केंद्रों को खोलने के लिए हिमाचल सरकार का कंपनी के साथ एमओयू साइन हो गया है। कुल्लू जिला में केंद्र खोल दिया गया है और बिलासपुर में जल्द शुरू हो जाएगा।
...डॉ. परविंद्र सिंह, जिला चिकित्सा अधिकारी, बिलासपुर