अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी का सम्मेलन बिलासपुर में आयोजित किया गया। सम्मेलन कामरेड शमशेर सिंह की अध्यक्षता में हुआ। सम्मेलन में सबसे पहले पुलवामा हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पर्यवेक्षक कामरेड हरदेव सिंह ने देश व राज्य के अंदर केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। देश के 42 जवानों की शहादत के लिए कौन जिम्मेदार है। इतनी बड़ी मात्रा में सुरक्षा में चुक कैसे हुई व तीन बड़ी मात्रा में उनके पास आरडीएक्स कहां से आया। भारतीय खुफिया एजेंसी क्या करती रही।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की कामयाबी का सेहरा अपने सिर बांध रही है तो 42 जवानों की मौत की जिम्मेवारी किसे लेनी चाहिए। देश को जबरदस्ती युद्ध में नहीं धकेला जाना चाहिए, क्योंकि युद्ध से केवल विनाश होता है।
उन्होंने कहाकि जवानों की शहादत पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए लेकिन भाजपा के नेता लगातार सेना की आड़ में अपने प्रचार में लगे हुए हैं। देश की सेना का सारा श्रेय मोदी व भाजपा सरकार ले रही है। जैसे वही सीमा पर लड़ रहे हों। मोदी सरकार लगातार महंगाई, कालाधन, रोजगार, भ्रष्टाचार सहित तमाम मुद्दों में फेल हुई है।
सम्मेलन में लगभग 51 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। जबकि आगामी तीन सालों के लिए पार्टी की नई जिला परिषद चुनी। कामरेड लेखराम धीमान को दोबारा से जिला सचिव, रणजीत सिंह, नत्थूराम सह-सचिव, रामलाल कोषाध्यक्ष, सुशील प्रेस सचिव चुने गए। इसके अलावा 17 लोगों की जिला परिषद चुनी गई जिसमें रतनलाल ठाकुर, सुरेश चौधरी, राज कुमार, लेखराम वर्मा, सुषमा, कमलेश, केसी राणा, सीताराम आदि चुने गए।
सम्मेलन में विशेष तौर पर माकपा प्रदेश संस्थापक कामरेड शंकर सिंह चंदेल, प्रो. केएस धीर, वासुदेव, पूर्व विधायक केके कौशल, किसान सभा राज्य उपाध्यक्ष भाग सिंह चौधरी, एटक राज्य सचिव प्रवेश चंदेल मौजूद रहे।