स्वारघाट (बिलासपुर)। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने पंजाब के साथ लगती जिला की पूरी सीमा को सील कर दिया है। सीमांत क्षेत्र में पुलिस और आईटीबीपी ने 11 स्थानों पर नाकाबंदी की है। जहां 24 घंटे चेकिंग अभियान जारी है। यहां आईटीबीपी के दो कंपनियों के अलावा पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। खबर की पुष्टि डीएसपी श्रीनयनादेवी अनिल शर्मा ने की हैं।
जिला में चुनाव शांतिपूर्वक रूप से करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने पंजाब राज्य से सटी बिलासपुर की सीमा को सील कर दिया है। पंजाब से सटी श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर 11 जगह पर बैरियर लगाकर आईटीबीपी व पुलिस कर्मचारी 24 घंटे चेकिंग कर रहे हैं। डीएसपी अनिल शर्मा का कहना है कि पंजाब से सटी श्रीनयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र की सीमा में 11 जगह पर बैरियर लगाकर नाकाबंदी की गई है, ताकि मतदाता बिना किसी डर व प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से मतदान प्रक्रिया में भाग ले सकें।
उन्होंने बताया कि श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में 11 जगह नाकाबंदी की गई है। आईटीबीपी और पुलिस कर्मचारियों की 2 कंपनियों को तैनात किया गया है। थर्ड आईआरबी बटालियन और 5वीं आईआरबी बटालियन के जवान यहां तैनात किए गए हैं।
गरामोडा टोल बैरियर, बैहल लखाला चौक, बैहल लखाला ब्रिज, लखनु, घोड़ा घास, टोबा टोल बैरियर, बेहरड़ा चौक, गंगुवाल, मजारी, जंडौरी, दबट व ग्वालथाई टोल बैरियर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी नाकों पर पुलिस और आईटीबीपी के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि यहां से हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है। 45 किमी लंबी सीमा पर लगातार गश्त की जा रही है। हर गाड़ी का नंबर सुरक्षा के लिए नोट किया जा रहा है।