अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी (बिलासपुर)।
अंशकालीन जलवाहकों को नियमित न करने पर संघ भड़क गया गया। संघ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर पांच जुलाई से पहले मुख्यमंत्री के आदेशों के अनुसार जलवाहकों को नियमित न किया गया तो संघ जिला मुख्यालय में रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन करेगा।
अंशकालीन जलवाहक संघ घुमारवीं-एक के प्रधान रमेश कुमार व उपप्रधान ऊषा देवी ने शिक्षा विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से नोटिफिकेशन हुए पांच महीने बीत गए हैं। लेकिन जलवाहकों को नियमित नहीं किया जा रहा है। सरकार के आदेशों की शिक्षा विभाग द्वारा धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। संघ के प्रधान रमेश ने बताया कि कुछेक कर्मचारी बिना नियमित हुए ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जलवाहक ज्वाला राम 30 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। विभाग अभी तक उनको नियमित नहीं कर रहा है। विभाग की लेटलतीफी कर्मचारियों पर भारी पड़ रही है। फरवरी माह में मुख्यमंत्री कार्यालय से नोटिफिकेशन जारी हो चुकी है। अन्य जिलों में जलवाहकों को नियमित किया जा चुका है, लेकिन बिलासपुर में इसे क्यों लागू नहीं किया जा रहा है।
बॉक्स...
आत्मदाह करने की दी धमकी
घुमारवीं खंड-एक के प्रधान रमेश कुमार ने इस मामले में आत्मदाह की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अगर जलवाहकों को नियमित नहीं किया गया तो 5 जुलाई को संघ के जिला प्रधान भूरी सिंह की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय में रैली व धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक हायर एजूकेशन अमर सिंह ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक एलिमेंटरी एजूकेशन से लिस्टें पहुंचते ही कार्रवाई की जाएगी।