बिलासपुर। शहर के 17 निजी स्कूलों में शिक्षा विभाग ने दबिश देकर वीरवार और शुक्रवार को रिकॉर्ड खंगाला। फीस, स्कूल वर्दी, किताबें, बच्चों को दी जा रही सुविधाओं, अध्यापकों की संख्या का जायजा किया। रिकॉर्ड के हिसाब से हर स्कूल की फाइल बनाई जा रही है, जिसे शिमला निदेशालय भेजा जा रहा है।
वीरवार देर शाम तक शिक्षा विभाग ने शहर के निजी स्कूलों में दबिश दी। शनिवार को कंदरौर और स्वारघाट क्षेत्रों में करीब 6 स्कूलों में दबिश दी। इन स्कूलों का भी रिकॉर्ड खंगाला गया है। इसकी पुष्टि उच्च शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर अमर सिंह ठाकुर ने की।
गौरतलब है कि शिमला निदेशालय ने सूबे के हर जिले में टीमों का गठन किया है। बिलासपुर में तीन टीमों का गठन किया गया है। इनमें उच्च शिक्षा उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक और इंस्पेक्शन टीम संयुक्त रूप से जिला के स्कूलों में दबिश दे रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारी बताते हैं कि सभी स्कूलों का रिकॉर्ड शिमला भेजा जा रहा है। इस दौरान स्कूलों का रिकॉर्ड जब्त किया गया है। शिमला निदेशालय में इस रिकॉर्ड की जांच की जाएगी।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि निजी स्कूलों में तीन सालों की फीस वसूली का सारा रिकॉर्ड कब्जे में लिया गया है। रिपोर्ट शिमला निदेशालय भेजी गई है। अगर किसी स्कूल का रिकॉर्ड विभाग के मानकों पर सहीं नहीं उतरा तो संबंधित स्कूल प्रबंधकों पर कार्रवाई की जाएगी। शहर के 17 और कंदरौर और स्वारघाट के 6 निजी स्कूलों में दबिश दी गई है। स्कूलों का सारा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। प्रतिदिन की रिपोर्ट शिमला निदेशालय भेजी जा रही है।