बिलासपुर। बिना अनुमति के नगर परिषद के दायरे में विज्ञापन बोर्ड लगाने वाले लोगों को नप ने नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। नगर परिषद नोटिस भेज कर लोगों को चेता रही है कि उन्होंने बिना नगर परिषद की अनुमति में छत और दीवार पर जो विज्ञापन बोर्ड लगाया है, उसे तुरंत प्रभाव से हटा लें, अन्यथा नगर परिषद उनसे वित्तीय नुकसान व चालान की भरपाई के साथ-साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाएगी। करीब दो दर्जन से ज्यादा ऐसे लोगों को नगर परिषद ने नोटिस जारी किए हैं।
गौरतलब है कि बिलासपुर नगर परिषद के तहत विभिन्न क्षेत्रों में 11 वार्ड आते हैं, जहां पर लोगों द्वारा अपने घरों की छतों सहित दीवारों पर विज्ञापन बोर्ड लगाकर रखे हुए हैं जिनसे वह राजस्व एकत्रित करते हैं लेकिन नगर परिषद को इसका कर नहीं दिया जाता। नए बिलासपुर शहर के बनने के बाद यहां पर आजतक कभी भी नगर परिषद ने विज्ञापन बोर्ड लगाने का कोई शुल्क नहीं लिया है लेकिन अब नगर परिषद ने एक फर्म के साथ करार किया है जोकि यहां पर विज्ञापन बोर्ड लगाने का लोगों से शुल्क लेगी। इस फर्म ने नगर परिषद को कुछ पैसे भी जमा करवा दिए हैं। ऐसे में नगर परिषद ने अब ऐसे लोगों को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है जो बिना नगर परिषद को शुल्क दिए विज्ञापन बोर्ड लगा पैसा कमा रहे हैं। बहरहाल अभी तक दर्जनों लोगों को नोटिस जारी हुए हैं, जबकि कइयों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया का कहना है कि बिना अनुमति विज्ञापन बोर्ड लगाने के बारे में लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। लोगों को कहा जा रहा है कि वह अपने विज्ञापन बोर्ड स्वयं हटा लें या फिर उनके खिलाफ नप द्वारा कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-------------------------------