बरठीं स्कूल का नवमी और जमा-एक का परीक्षा परिणाम होगा ऑनलाइन
बरठीं(बिलासपुर)। हर वर्ष की भांति इस बार भी जिले की सबसे बड़ी व पुरानी पाठशाला बरठीं कक्षा नवमी और जमा एक कक्षा के परीक्षा परिणाम को अपनी वेबसाइट पर डालकर स्कूल के विद्यार्थियों को सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा बच्चों के लिए तीस मार्च को सुबह 11 बजे से उपलब्ध रहेगी जिसके माध्यम से अभिभावक घर बैठे मात्र एक क्लिक करके बच्चों का परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
पाठशाला के प्रधानाचार्य जगवीर जम्वाल ने बताया कि उनके स्कूल की वेबसाइट को सरकारी वेबसाइटों की सूची में शामिल किया जा चुका है। आईटी के क्षेत्र में वेबसाइट लांच करने की दिशा में तीन वर्ष पूर्व यानि 18 जुलाई 2011 को प्रारंभ किए गए इस प्रयास के पीछे पाठशाला में तैनात आईटी स्टाफ का सराहनीय कार्य है जिनकी वजह से इस क्षेत्र में पाठशाला को जिले में प्रथम व प्रदेश में तीसरा स्थान होने का गौरव प्राप्त हुआ है।
उधर, पाठशाला प्रबंधन समिति के प्रधान मुख्त्यार सिंह पटयाल के साथ अन्य अभिभावकों ने भी पाठशाला द्वारा छात्र हित में प्रेषित इस सुविधा को प्रशंसनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि नवमी व जमा एक परीक्षा परिणाम को वेबसाइट पर बच्चों के सुविधार्थ अपलोड करने वाली जिले भर में यह अग्रणी पाठशाला है।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस युग में वेबसाइट किसी भी संस्थान का आइना होता है जिसके माध्यम से संस्थाओं के वर्तमान, भूतकाल एवं भविष्य तथा भावी उन्नति करते हुए बुलंदियों को छूने का समस्त ब्योरा समूची दुनियां तक पहुंचता है। इस क्षेत्र में जिले की एक मात्र पाठशाला का यह अग्रणी कार्य प्रशंसनीय है।