बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में अब लाइट जाने पर अंधेरा नहीं पसरेगा। बिलासपुर अस्पताल प्रबंधन ने यहां पर आधुनिक तकनीक से जनरेटर लगा दिए हैं। अगर आपातकाल में लाइट जाती है तो खुद ही जनरेटर जरूरतमंद स्थानों पर लाइटें बुझने नहीं देगा और न ही इससे मरीजों को परेशानी होगी। यहां पर जनरेटर की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मंडी के विशेषज्ञों ने हाल ही में अस्पताल का दौरा किया है। जिसमें विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीक से जनरेटरों को ठीक करके शुरू कर दिया है। खबर की पुष्टि बिलासपुर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश आहलूवालिया ने की है।
गौरतलब है कि इससे पहले अस्पताल में लाइट जाने से महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, लैब सहित वार्डों में अंधेरा छा जाता था। सर्दियों के मौसम में मरीज ठंड से परेशान हो जाते थे। अब आधुनिक सुविधा मिलने से प्रसूति कक्ष तथा ऑपरेशन थियेटर में भी बिजली व्यवस्था सुचारु रहेगी। स्वचालित इन जनरेटरों की कीमत लाखों में है। चिकित्सालय में आधुनिक प्रणाली के जनरेटर लगने के साथ ही चिकित्सालय प्रशासन के साथ मरीजों ने भी राहत की सांस ली है।
अस्पताल में मंडी की टीम ने दौरा किया है। आधुनिक तकनीक से जनरेटर लगा दिए गए हैं। अब अस्पताल में लाइट जाने पर विशेष कार्य प्रभावित नहीं होंगे और अस्पताल में लाइट रहेगी।
डॉ. राजेश आहलूवालिया, चिकित्सा अधीक्षक बिलासपुर।