बिलासपुर। जिला परिषद हाल बिलासपुर में वीरवार को अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि बेटियों पर हमें गर्व होना चाहिए क्योंकि बेटा-बेटी एक समान हैं। बेटियों को समाज में बेहतर स्थान और उनका हक देने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा। इसके लिए महिलाओं को पुरानी धारणाओं को बदलकर नई सोच को अपनाना होगा। इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित 100 महिलाओं ने भाग लिया।
इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी अंजुबाला, एसीडीपीओ नीलम टाडू, सीडीपीओ नरेंद्र कुमार ने विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। एलडीएम केके जसवाल ने भी सुकन्या योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री स्वावलंबन योजना, मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना की विस्तृत जानकारी महिलाओं को दी। वहीं महिलाओं से आग्रह किया कि इन योजनाओं की जानकारी अपने क्षेत्र में भी लोगों को दें।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में कहा कि महिलाओं को 5 हजार की सहायता तीन किस्तों में प्रदान करने का प्रावधान है। पहली किस्त 1 हजार गर्भधारण का पंजीकरण करवाने पर तथा दूसरी किस्त 2 हजार गर्भधारण के 6 माह के उपरांत तथा तीसरी किस्त 2 हजार बच्चे नके बीसीजी, ओपीवी, डीपीटी तथा हैपेटाइटिस बी अथवा टीका करण का प्रथम चरण पूरा होने पर प्रदान की जाती है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी दें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला का लिंगानुपात 1022 पहुंच गया है।
इस मौके पर उपायुक्त ने 8 बच्चियों को बेटी है अनमोल योजना के तहत 10-10 हजार की एफडी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 6 पात्र महिलाओं तथा 6 नवजन्मी बच्चियों को सम्मानित किया। बेहतरीन कार्य करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।