अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं(बिलासपुर)। शाहतलाई में बुधवार को जिला भर के टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक ऑल हिमाचल कामर्शियल व्हीकल एक्शन कमेटी के प्रदेश महासचिव की अध्यक्षता में हुई जिसमें क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में गाड़ी से संबंधित दस्तावेज को लेकर आ रही परेशानियों पर चर्चा की गई।
ऑल हिमाचल कामर्शियल व्हीकल एक्शन कमेटी के प्रदेश महासचिव मंगल ने कहा कि परिवहन विभाग व प्रशासन की उदासीनता के चलते कई निजी वाहन चालक अपने वाहनों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं जिससे टैक्सी ऑपरेटरों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर टैक्सी यूनियन की ओर से कई बार आरटीओ व प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है लेकिन विभाग के अधिकारी टैक्सी के रूप में चल रहे निजी वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे है।
ऑपरेटरों का कहना था कि उन्होंने बैंक से ऋण लेकर टैक्सियां ली हैं लेकिन निजी वाहनों के गोरख धंधे के चलते उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। बैठक में ऑपरेटरों ने फैसला किया कि अगर अब भी निजी वाहनों पर शिकंजा नहीं कसा गया तो सभी ऑपरेटर आरटीओ कार्यालय में अपनी टैक्सियों की चांबियां जमा करवा देंगे। इसके बाद आरटीओ ही रोड टैक्स और पैसेंजर टैक्स का जिम्मेदार होगा। इस संबंध टैक्सी ऑपरेटरों ने झंडूता के उपमंडल अधिकारी नवीन शर्मा के पास निजी वाहनों के खिलाफ एक ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं थाना प्रभारी श्याम प्रशाद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि टैक्सी ऑपरेटरों की निजी वाहनों के खिलाफ शिकायत आई है। इस अवसर पर चमन लाल, सुरेश धीमान, विनोद, कुमार, अनूप कुमार, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, अश्वनी कुमार, राजेंद्र शर्मा सहित अन्य ऑपरेटर मौजूद रहे।