अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के सात वार्डों में अभी भी सीवरेज की सुविधा लोगों को नहीं मील रही है। बेशक नगर परिषद की ओर से लोगों को बेहतर सुविधा के लिए अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया है लेकिन जब पूरे शहर में सही ढंग से सीवरेज कनेक्शन नहीं दिए गए हैं तो इसका क्या फायदा। वार्ड एक व दो के लोगों को पूर्णत: सीवरेज की सुविधा नहीं मिली है। नगर परिषद के खिलाफ कुछ समय पूर्व लोगों ने ऐलान कर दिया है कि पहले सीवरेज की सुविधा दो फिर टैक्स की बात करो।
घुमारवीं नगर परिषद के सात वार्डों में केवल 654 लोगों ने सीवरेज कनेक्शन लिए हैं। संबंधित विभाग दावे कर रहा है कि लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखकर बेहतर सुविधा दी जा रही है पर धरातल पर दावे हवा हवाई है। शहर के बीचों-बीच से बह रहे गंदे नाले में कुछ धनासेठों ने बिना कनेक्शन लिए खुले में गंदगी को इससे जोड़ दिया है। लोगों ने विभाग के समक्ष समस्या भी उठाई लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि शहर को सीवरेज से जोड़ा गया है। जिन लोगों ने अभी भी कनेक्शन नहीं लिए हैं, वे संबंधित विभाग के पास आवेदन कर सकते हैं। शहर के हर कोने को सीवरेज लाइन से जोड़ा गया है तथा कुछ स्थान अभी भी बचे हैं जिन्हें इससे जोड़ना है।