अमर उजाला ब्यूरो
श्री नयनादेवी (बिलासपुर)।
श्री नयनादेवी में पानी व्यर्थ बहाने वाले लोगों के अब पानी के कनेक्शन कटेंगे। विभाग पानी व्यर्थ बहाने वालों पर सख्त हो गया है। विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि जो भी पानी को व्यर्थ बहाएगा उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
नयनादेवी के जल आपूर्ति और स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि नयनादेवी में पानी की वेस्टेज रोकने के लिए विभाग ने अब कड़ा रुख अपनाया है। गौरतलब है कि नयनादेवी में जब से थाना कोट से सरकार ने पानी की सप्लाई दी है, तबसे करीब दस लाख लीटर पानी प्रतिदिन लोगों को मुहैया करवा रही है। यही नहीं, लगभग 6 से 7 वर्षों से पानी की आपूर्ति भी बेहतर तरीके से लोगों को दी जा रही है लेकिन लोगों की लापरवाही के चलते लगभग दो लाख लीटर पानी प्रतिदिन व्यर्थ बह रहा है। पानी की टंकियां भरने के बाद पानी ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बह रहा है। लोगों को समझाने के बावजूद कोई भी सुधार नहीं हो रहा है। अब विभाग ने पानी की लीकेज पर कनेक्शन काटने का निर्णय लिया है। कनिष्ठ अभियंता शुभम शर्मा ने बताया कि नयनादेवी में पीने के पानी को लेकर काफी शिकायतें मिल रही हैं। बार-बार समझाने के बावजूद लोगों के रवैये में सुधार नहीं हो रहा है। लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है, जबकि कई लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा है। विभाग ने लोगों को आखिरी बार चेतावनी दी है कि वे व्यर्थ पानी की लीकेज को रोकें।