बिलासपुर। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में दकड़ी चौक से सीर खड्ड तक बनने वाला फुटपाथ दो साल में नहीं बन पाया है। ऐसा नहीं है कि इसका कार्य शुरू नहीं हुआ, लेकिन महज 100 मीटर बनने केे बाद भी काम बंद हो गया। वजह जो पैसा पूरे फुटपाथ के लिए आया था, वह महज 100 मीटर में ही खत्म हो गया। अब लोगों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है।
ऐसा ही हाल शिमला-हमीरपुर हाईवे पर घुमारवीं बस अड्डा को जाने वाली सड़क का है। यहां पर भी दो साल पहले सीपीएस राजेश धर्माणी ने खुली नालियों पर जालियां व फुटपाथ बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज भी दुकानदार व लोग नालियों के खुले होने से परेशान हैं। अकसर बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चे नालियों में गिर जाते हैं।
दकड़ी चौक से सीर खड्ड तक बनने वाला फुटपाथ का काम 100 मीटर बनने के बाद ही बंद हो गया। करीब एक किलोमीटर लंबे बनने वाले इस फुटपाथ को बनाने के लिए 16 लाख बजट मंजूर हुआ था। लेकिन ठेकेदार ने पूरा का पूरा पैसा 100 मीटर के अंदर ही खर्च कर डाला। अगर 100 मीटर पर ही 16 लाख का खर्चा हो जाता है तो एक किलोमीटर पर एक करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च हो जाएगी। जोकि कई सवाल खड़े कर रही है।
इसके अलावा हमीरपुर-शिमला नेशनल हाईवे से घुमारवीं बस अड्डा को जाने वाली सड़क का मामला है। जब घुमारवीं बस अड्डे का निर्माण कार्य चला था तो राजेश धर्माणी ने घोषणा की थी कि जो नालियां सड़क के दोनों ओर खुली हैं, उन पर जालियां लगाई जाएंगी व फुटपाथ बनाए जाएंगे। लेकिन दो सालों से दुकानदार जालियां लगने का ही इंतजार करते रह गए। जबकि कई लोग नालियों में गिरकर घायल हो चुके हैं। पिछले माह दुकानदार एसडीएम से भी मिले थे। उन्होंने आश्वासन दिया था कि कार्य दस दिनों में शुरू हो जाएगा, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। जबकि एक साल पहले लोनिवि ने इसका टेंडर भी करवा दिया है। 26 लाख की राशि भी विभाग के पास पड़ी है। लेकिन विभाग इस कार्य को करने के लिए कोई रुचि नहीं दिखा रहा है।
स्थानीय दुकानदारों विनोद कुमार, राकेश, मनजीत ठाकुर, प्रदीप गुप्ता, रमजान, दलेल सिंह, विशाल सोनी, रवि शर्मा का कहना है कि कई बार इस समस्या के लिए स्थानीय प्रशासन को अवगत करवाया। लेकिन, नतीजा कुछ भी नहीं निकला। दुकानदारों ने कहा कि प्रशासन का कोई भी अधिकारी एक दिन स्थानीय दुकानदारों के साथ रहे और देखे नालियों मे प्रति दिन कितने लोग गिर रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि एसडीएम अनुपम ठाकुर से संबंधित विभाग ने दस दिनों की मोहल्लत मांगी थी। विभाग इन नालियों को दस दिन के अंदर ढकने में नाकाम रहता है
आरएम पवन शर्मा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के पास काफी समय पहले बजट पहुंच चुका है, देरी क्यों हो रही है, यह वही बता सकते हैं। निगम की ओर से बजट का प्रावधान कर दिया गया है।
घुमारवीं से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग का कहना है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में घुमारवीं में सभी विकास कार्य रुके पड़े हैं। भाजपा के सत्ता में आने पर सभी रुके हुए कार्यों को शुरू करवाया जाएगा।
सीपीएस राजेश धर्माणी ने कहा कि फुटपाथ के लिए पहले चरण में 20 लाख खर्च किए गए हैं। अब दोबारा इसकी डीपीआर बनाकर और पैसा स्वीकृत करवाकर काम शुरू करवा दिया है। दो-तीन महीनों में फुटपाथ बनकर तैयार हो जाएगा।