महाविद्यालय प्रशासन ने चयनित कैडेट्स को दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय कॉलेज घुमारवीं के 16 एनसीसी कैडेट्स का चयन भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में हुआ है। अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (जीडी) के लिए तृतीय वर्ष के अंचल शर्मा, राज कुमार, अतुल रावल, आयुष वर्मा, द्वितीय वर्ष के महेश्वर सिंह, विशाल कटोच, कनिष्क शर्मा और प्रथम वर्ष के विकास ठाकुर का चयन हुआ है। वहीं अग्निवीर लिपिक पद के लिए तृतीय वर्ष के उज्जवल चंदेल, कार्तिक शर्मा, आरुष शर्मा, नवनीत शर्मा और द्वितीय वर्ष के प्रिंस कुमार ने सफलता प्राप्त की है। इसके अलावा कॉलेज के पूर्व छात्र राहुल (क्लर्क), शिवम शर्मा और अनमोल शर्मा (जीडी) भी अग्निवीर भर्ती में चयनित हुए हैं।
इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्राचार्य प्रीतम चंद, एनसीसी अधिकारी डॉ. अरुण शर्मा और कर्नल जीपी सिंह ने चयनित कैडेट्स को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कर्नल जीपी सिंह ने कहा कि भारतीय सेना केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मातृभूमि की सेवा का सर्वोच्च अवसर है। सेना युवाओं में अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना का विकास करती है एवं उन्हें सम्मानजनक भविष्य प्रदान करती है। एनसीसी अधिकारी डॉ. अरुण शर्मा ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और एनसीसी के प्रति उनकी निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कॉलेज के कैडेट इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।