जुखाला(बिलासपुर)। विद्युत उपमंडल नम्होल के तहत आने वाले जुखाला अनुभाग और नम्होल अनुभाग की बिजली लाइन पर पेड़ गिर जाने से क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांव के पांच हजार लोगों ने जाग कर रात काटी। उक्त गांव में सोमवार पूरी रात बिजली आपूर्ति बंद रही। जबकि खबर लिखे जाने तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी। गर्मी के मौसम में बिलासपुर जिला का तापमान 40 से 42 डिग्री रहता है। ऐसे में पंखे और एसी न चलने के कारण लोगों को मजबूरी में रात जाग कर काटनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार गांव में सोमवार रात से बिजली बंद होने के कारण हजारों लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी। यहां के बाशिंदों का कहना है कि जुखाला विद्युत अनुभाग में अकसर बिजली गुल रहती है। हवा का थोड़ा सा झोंका आने पर या मौसम खराब होने पर बिजली जाना आम बात हो गई है। हालांकि इस बारे में बार-बार शिकायत करने पर भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
लोगों का कहना है कि यहां पर नियुक्त स्टाफ की लापरवाही के कारण आए दिन इस प्रकार की परेशानी आ रही है। कहा कि बिजली न होने से इस मौसम में लोगों को गर्मी और मच्छरों से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से जुखाला अनुभाग के पूरे स्टाफ को यहां से बदलने व बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य दौलत राम ठाकुर, स्याहोला पंचायत की पूर्व प्रधान नरेंद्रा बलोरिया, जुखाला पंचायत के पूर्व उपप्रधान गोपाल शर्मा, अभिषेक मिश्रा, रमेश ठाकुर, दयाराम ठाकुर, धर्मपाल आदि ने बताया कि जुखाला अनुभाग के गांव गसौड़, जुखाला, रिड़ी, रिहान, धमथल, भटोली, भड़ोली, स्याहोला, नम्होल अनुभाग के गांव सोशन, पंजेल, कोलणु गांव की करीब 5000 हजार की आबादी बिजली गुल रहने से परेशान रही। लोगों ने इस व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।
इधर, इस बारे में कनिष्ठ अभियंता दयोथ रामलोक ठाकुर ने बताया कि सोशण गांव के पास पेड़ गिरने से बिजली के पोल टूट गए हैं। इस कारण बिजली बंद रही। विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं जल्द ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।