झंडूता(बिलासपुर)। ग्राम पंचायत भराड़ी के गांव बाडा दा घट में बिजली का खंभा बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। यह बिजली का खंभा दशकों साल पुराना है और वर्तमान में यह खंभा पूरी तरह से सड़ गया है जिससे कभी भी यह गिर सकता है और यहां पर कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। वहीं, इस संदर्भ में स्थानीय लोगों बृज लाल लखनपाल, अमरनाथ, प्रताप चंद, तिलक राज, सुनील कुमार, सुरेश कुमार, मनोहर लाल, जीत राम, दिनेश कुमार, प्रेमी देवी, करतारी देवी, मनशा देवी, शकुंतला देवी, रेखा देवी, ज्योति आदि ने बताया कि वह कई बार बिजली बोर्ड को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन यहां पर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस खंभे को जल्द बदला जाए ताकि यहां पर कोई अप्रिय घटना न घटे। उधर, विद्युत बोर्ड डिविजन घुमारवीं के अधिशाषी अभियंता अनिल सहगल ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। जल्द ही यहां पर खंभे को बदल दिया जाएगा ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो।