बिलासपुर। उपभोक्ताओं को डिजिटल राशन कार्ड पीओएस मशीन व बायोमीट्रिक के माध्यम से शतप्रतिशत राशन वितरण करवाना सुनिश्चित करें। यह बात उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने जिला स्तरीय लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली व जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने जिला नियंत्रक को निर्देश दिए हैं कि जिस स्थान पर नैटवर्क कम होने के कारण पीओएस मशीन सुचारु रूप से कार्य नहीं कर रही है वहां पर पर्याप्त नैटवर्क उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास करें। बैठक में जिला नियंत्रक बिलासपुर को निर्देश दिए गए कि उपरोक्त बैठकें त्रैमासिक करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिला में 1 लाख 10 हजार 122 राशन कार्ड धारकों की 4 लाख 21 हजार 76 जनसंख्या को राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के चार थोक भंडारों के साथ संबंध 237 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि माह नवंबर, 2018 से मई, 2019 तक जिला में उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से समस्त विनिर्दिष्ट वस्तुएं मूल्य 33 करोड़ 30 लाख 60 हजार 585 रुपये की वितरित की गईं तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली का कार्य संतोषजनक रहा। विभाग द्वारा विभिन्न नियंत्रण आदेशों के अंतर्गत 836 दुकानों के निरीक्षण किए गए।
दोषी दुकानदारों एवं उचित मूल्य की दुकानों से 4 लाख 91 हजार 902 रुपये बतौर जुर्माना वसूल किए गए। इस अवसर पर एडीएम राजीव कुमार, पीओ डीआरडीए संजीत सिंह, डीएफएससी प्रताप सिंह चौहान, सीएमओ प्रकाश चंद दड़ोच, कार्यक्रम अधिकारी अंजू बाला के अतिरिक्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।