बिलासपुर। पीड़ित मानवता और गरीब, असहायों व रोगियों की सेवा में जुटी विश्वव्यापी रेडक्रॉस सोसायटी को ग्रामीण व पंचायत स्तर से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे ताकि सर्वजन हिताय अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित किया जा सके। यह बात उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी राजेश्वर गोयल ने स्थानीय बचत भवन में आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर पर उपमंडल अधिकारियों की अध्यक्षता में रेडक्रॉस समिति का गठन किया जाएगा व उपमंडल स्तर पर रेडक्रॉस मेलों का भी आयोजन किया जाएगा। नवंबर माह में आयोजित होगा जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला में रेडक्रॉस समिति की अधिक से अधिक सदस्यता के लिए प्रयास किए जाएंगे ताकि विस्तृत रूप से जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय चिकित्सालय बिलासपुर में तीमारदारों के ठहराव के लिए सरायं की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है ताकि दूरदराज से आने वाले रोगियों के तीमारदारों को ठहरने की समस्या से निजात मिल सके। रेडक्रॉस सोसायटी की एंबुलेंस वाहनों की मरम्मत करवाने के पश्चात शीघ्र ही इन्हें रोगियों की सुविधा के लिए उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा शव वाहन की उपलब्धता के लिए भी समाजसेवी संस्थाओं से विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में नशा निवारण केंद्र खोलने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मौके पर एडीएम राजीव कुमार, एसडीएम सदर प्रियंका वर्मा, घुमारवीं शशि पाल शर्मा, स्वारघाट एसडीएम अनिल चौहान, सहायक आयुक्त उपायुक्त पूजा चौहान, सीएमओ प्रकाश चंद दड़ोच, डीआरओ देवी सिंह के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।