बिलासपुर। लोक सभा सामान्य निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं की मतदान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए सभी पोलिंग बूथ जहां पर दिव्यांग मतदाता हैं उन पोलिंग बूथों में विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। वहीं दिव्यांग मतदाताओं को घर से लाने ले जाने के लिए वाहन की विशेष सुविधा भी रहेगी। यह जानकारी उपायुक्त विवेक भाटिया ने दी।
उन्होंने समस्त बूथ स्तर तक के अधिकारियों से कहा कि मतदान केंद्रों में दिव्यांगजनों को प्रदान की जाने वाली सभी सुविधाओं का नियमित तौर पर निरीक्षण करते रहें ताकि दिव्यांग मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने दिव्यांगजनों को मतदान केंद्रों में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जागरूक करने का आह्वान किया ताकि कोई भी दिव्यांग मतदाता मतदान करने से महरूम न हो।
उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों में व्हील चेयर, दिव्यांग मतदाताओं को घर से पोलिंग बूथ तक छोड़ने के लिए वाहन की सुविधा, निजी वाहन के लिए पार्किंग की सुविधा, दिव्यांगजन मतदाताओं की सहायता के लिए मतदान केंद्रों में स्वयं सेवकों की नियुक्ति, विश्राम कक्ष, रैंप की सुविधा, मतदान केंद्रों में पेयजल की व्यवस्था, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था, मतदान केंद्र में पीने के पानी व शौचालय के लिए साइनेज के बोर्ड, डमी बेल्ट पेपर ब्रेल लिपी में, मतदाता पर्ची ब्रेल लिपी में तथा मतदाता गाइड ब्रेल लिपी में मुहैया करवाई जाएगा।
उन्होंने समस्त दिव्यांगजन मतदाताओं से अपील की है कि पहचानिए अपनी शक्ति और अपने हक को आपका वोट अमूल्य है इसका प्रयोग अवश्य करें और मतदान के दिन अपने वोट का प्रयोग करने के लिए अपने मतदान केंद्र में अवश्य जाएं।