अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला को हल्दी के उत्पादन में विकसित करने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे ताकि किसानों को अपनी फसलों के लावारिस पशुओं व जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से निजात मिले और उनकी आर्थिकी में बढ़ोतरी हो। यह बात उपायुक्त विवेक भाटिया ने प्रशासन में दक्षता बारे आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जिला में हल्दी उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कृषि विभाग को ऐसे क्षेत्रों को चिहिन्त करने के निर्देश दिए जहां पर हल्दी की पैदावार की जा सके।
उन्होंने कहा कि किसानों को हल्दी उत्पादन के लिए प्रेरित करके उन्हें उन्नत किस्म के बीज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। जिला की जलवायु हल्दी और अदरक के उत्पादन के लिए अनुुकूल है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को गति देने के लिए व्यास प्योर के उत्पादों को शीघ्र ब्रांडिंग करके लांच किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि व्यास प्योर द्वारा निर्मित किए जा रहे उत्पाद सभी वर्गों के ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं ताकि लोग सरलता से इन उत्पादों को खरीद सके। उन्होंने संबंधित विभाग को इस दिशा में प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने लुहणू में निर्मित होने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट का कंपोनेंट वाइज प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। उन्होंने शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए जिला में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम आने के पश्चात अन्य तैयार किए गए प्रश्न पत्रों को शीघ्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए ताकि समय रहते उन्हें विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाया जा सके।
उन्होंने समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह विभाग के माध्यम से संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी लाभार्थियों के लिए तय मापदंडों सहित भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए शुरू की गई हैलो डीसी ऐप सुविधा के बारे में सभी विभाग लोगों को जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐप का प्रयोग करके लाभान्वित हो सकें। इस अवसर पर एडीएम श्रवण मांटा, एसडीएम प्रियंका वर्मा, सहायक आयुक्त पूजा चौहान, सिद्धार्थ आचार्य सहित अन्य मौजूद रहे।