बेटी है अनमोल, बेटियों को मान-सम्मान दें
रेनबो स्टार क्लब ने मनाया राष्ट्रीय बालिका दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। सामाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब के संरक्षक शीला सिंह की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें चार ब्लॉकों के युवा समाजसेवी एवं युवतियों ने भाग लिया।
रेनबो स्टार क्लब की महासचिव बबीता वालिया ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बेटियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट रहना चाहिए। सरकार की ओर से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही हैं। इस मौके पर रेनबो स्टार क्लब के संरक्षक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शीला सिंह ने कहा कि बेटी है तो कल है आइये संकल्प लें कि हम बेटियों को समान अवसर प्रदान करेंगे एवं उनकी सफलता पर उन्हें और प्रोत्साहित करेंगे। बेटी है अनमोल, बेटियों को मान-सम्मान दें, अपनी भावनाओं को बेटियों के प्रति वैसी ही पवित्र रखें, जैसी मां भगवती और मां सरस्वती के प्रति हो।
उन्होंने कहा की मेरी बेटी मेरा अभिमान के तहत जिला बिलासपुर के सरकारी और अर्ध सरकारी संस्थानों में जागरूकता अभियान छेड़ा जाएगा और महिला बाल विकास विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर शालिनी शर्मा, काजल ठाकुर, निशा कुमारी, शिवाली, कंचन शर्मा, रीना ठाकुर, भावना चंदेल, तनवीर खान, ईशान अख्तर, सनी कुमार इत्यादि युवा और युवतियां मौजूद रहीं।