अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी तथा सबसे ज्यादा वोटों से हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर हारेंगे।
रविवार को यहां लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जो वायदे किए थे, सब हवा-हवाई हो गए हैं। अब लोग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर 3 बार सांसद रहे लेकिन कोई नया प्रोजेक्ट धरातल पर नहीं ला सके। प्रदेश में वीरभद्र सिंह एक बट वृक्ष की तरह हैं जिनकी जड़ें बहुत मजबूत हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में किसी को भी टिकट मिले हम हाथ के साथ हैं। एक ओर केंद्र ने गृहिणी सुविधा योजना के तहत गैस कनेक्शन वितरित किए लेकिन साथ में गैस सिलेंडर की कीमत 1000 किए जाने से गरीबों की कमर तोड़ दी है। राणा ने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह का कोई विकल्प नहीं है उनका सारा जीवन लोक सेवा में समर्पित रहा है। प्रदेश के प्रत्येक गांव तक के कार्यकर्ताओं की उनकी सीधी जान पहचान है। दावा किया कि वीरभद्र सिंह के मुकाबले का प्रदेश में कोई नेता नहीं है। यही कारण है कि प्रदेश की राजनीति में उनका सबसे अधिक दबदबा है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी राय रखने का सबको पूरा अधिकार है। यदि वीरभद्र सिंह ने अभिषेक राणा को आगामी लोकसभा चुनाव में हमीरपुर सीट से कांग्रेस का टिकट देने की वकालत की है तो उसमें उनका 58 साल का अनुभव है। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन हुए 11 माह का कार्यकाल पूरा हो गया है लेकिन इस सरकार का धरातल पर कुछ नहीं है। इस मौके पर जिला पार्षद सुभाष ठाकुर के अलावा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।