अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं में लावारिस पशुओं व कुत्तों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। लावारिस पशु किसानों की फसलों को तबाह कर रहे हैं। इससे किसानों का फसलें उगाने से मोह भंग हो गया है। लावारिस कुत्तों ने भी लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है लेकिन शासन और प्रशासन अभी तक इस ओर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। जबकि लावारिस पशु लोगों को घायल कर अस्पताल पहुंचा चुके हैं।
ग्राम पंचायत फटोह के प्रधान कुलजीत ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत फटोह के अधिकांश गांव लावारिस पशुओं की चपेट में आ गए हैं। इतना ही नहीं यह पशु सड़कों को भी बाधित कर रहे हैं तथा लोगों पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है। यदि प्रशासन जमीन मुहैया करवाए तो वह तत्काल गो सदन बनाकर लावारिस पशुओं की समस्या पर किसी हद तक काबू पा सकते हैं। वहीं ग्राम पंचायत औहर के पूर्व प्रधान देशराज ने कहा कि लावारिस पशुओं की तादाद के चलते किसानों ने खेती-बाड़ी करना ही छोड़ दिया हैं।
वहीं घुमारवीं नगर परिषद उपाध्यक्ष रीता सहगल ने बताया कि घुमारवीं नगर परिषद के अधिकांश क्षेत्र लावारिस पशुओं की समस्या से काफी लंबे समय से जूझ रहे हैं। वहीं क्षेत्र में कुछ दिनों से लावारिस कुत्तों की भी तादाद बढ़ गई है। नगर परिषद उपरोक्त समस्याओं से शीघ्र ही लोगों को निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएगी।