बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र से एक सप्ताह पहले लापता रोजगार सेवक परिजनों को रामपुर रेलवे स्टेशन पर मिला है। परिजन उसे घर ले आए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टाह खुर्द निवासी शफकत हसन का पुत्र सुजात हसन 25 वर्ष गांव में ही रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत है। शफकत हसन ने 20 जुलाई को कोतवाली में दी तहरीर में कहा था कि 19 जुलाई की रात उनका रोजगार सेवक पुत्र घर की छत पर सोया था। इसके बाद वह रात में ही कहीं गायब हो गया था। उन्होंने उसे काफी खोजा, मगर कहीं नहीं मिल सका था। उसके पास दो फोन भी बताए गए थे, जिनके नंबर बंद आ रहे थे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके तहकीकात शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, बृहस्पतिवार की सुबह रोजगार सेवक के परिजन कोतवाली पहुंचे और उन्हें बताया कि रोजगार सेवक उन्हें रामपुर के रेलवे स्टेशन पर मिल गया है, जिसे वह अपने घर ले आए हैं और स्वस्थ है। वह एक सप्ताह कहां रहा? परिजन उससे पूछताछ कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामला आपसी नाराजगी का था।