बिलासपुर। जल निकासी से परेशान नगरिया कलां के लोगों की मांग पर ग्राम प्रधान ने नाला खुदावाया। ग्रामीणों ने कुछ लोगों द्वारा नाले पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
ग्राम नगरिया कलां के लोगों ने ग्राम प्रधान बृजलाल गंगवार से मंगलवार की सुबह शिकायत की कि उनके गांव के बाहर एक नाला है, जो पूरी तरह से पट चुका है। नाला बंद होने के कारण गांव का पानी गांव से बाहर नहीं जाता है, ऐसे में उन्हें बरसात के दिनों में बेहद परेशानी होती है। ग्राम प्रधान ने जेसीबी के जरिए गांव से केमरी रोड तक नाले को खुदवा दिया। इसके बाद गांव के लोगों ने मोहम्मद हनीफ खां के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत की कि नाला उनके गांव से केमरी रोड पार करने के बाद रेलवे लाइन तक जाता है। उनका आरोप था कि कुछ लोगों ने नाले को अवैध रुप से पाटकर अपने खेतों में मिला लिया है। जिसके कारण उनके गांव की जन निकासी पूरी तरह से प्रभावित है। उनका कहना था कि वह इससे पूर्व भी शिकायत कर चुके हैं और लेखपाल व राजस्व निरीक्षक द्वारा पैमाइश भी की जा चुकी है, मगर दबंग अपने खेतों में पाटे गए नाले को नहीं खोलने दे रहे हैं। उन्होंने पूरा नाला खुलवाने की मांग की है।