बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के कई स्कूलों में अध्यापकों की लेट-लतीफी की शिकायतें मिलने पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। शिक्षा विभाग के स्पेशल सेल की टीम ने स्कूलों में औचक निरीक्षण की कवायद शुरू कर दी है।
बुधवार को जिला निरीक्षण कैडर के उपनिदेशक कश्मीर सिंह की अगवाई में बीओ प्रकाश चंद, मुख्याध्यापक ओपी परमार व सुशील शर्मा की टीम ने कोटधार क्षेत्र की राजकीय माध्यमिक पाठशाला बकैण व राजकीय उच्च पाठशाला सिल्ह का औचक निरीक्षण किया। यहां कोई खामी नहीं पाई गई। इसके बाद कोटधार क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला झरेड़ी का औचक निरीक्षण किया। पाठशाला में जाकर टीम हैरान रह गई। दोपहर दो बजे से पहले ही अध्यापक स्कूल में ताला लगाकर चले गए थे। उन्होंने सीएचटी कलोल जयंती देवी को दूरभाष पर संपर्क किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी सूचना नहीं है। निरीक्षक टीम तीन बजे तक वहां रही। लेकिन, कोई अध्यापक नहीं आया।
उपनिदेशक कश्मीर सिंह ने बताया कि कई स्कूलों से इस प्रकार की शिकायतें आ रही हैं। औचक निरीक्षण किया जा रहा है झरेड़ी पाठशाला में दोपहर दो बजे से पहले ही पहुंच गए, लेकिन वहां पर ताले लटके पाए गए। इसका कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। पाठशाला में कार्यरत अध्यापकों के खिलाफ शिक्षा एक्ट के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपकर आगामी कार्रवाई के आदेश का इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा कि नौनिहालों की शिक्षा के साथ ऐसा खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।