बिलासपुर। ग्लोबल ज्यूरिस्ट संस्था ने ग्राम पंचायत शिकरोहा में पिछले काफी दिनों से पानी की सप्लाई सुचारु न होने पर रोष जताया है। कहा कि अगर समय रहते पानी की समस्या का हल नहीं किया गया तो संस्था ग्रामीणों के साथ मिलकर अधिकारियों का घेराव करेगी।
ग्रामीणों कमल लाल, अवतार सिंह, देशराज, सुरेश शर्मा, चुनी लाल, सौरव कंवर, गोपाल ने बताया की पिछले काफी दिनों से नलकों में पानी नहीं आ रहा है। इसकी वजह से ग्रामीणों को अपने मवेशियों और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पीने का पानी नहीं मिल रहा है।
संस्था के जिलाध्यक्ष रजनीश शर्मा और उपाध्यक्ष अजय नड्डा ने कहा कि सब डिविजन नम्होल के अंतर्गत पानी की लगभग चार स्कीमें हैं, जिनको बनवाने व रखरखाव में भारी भरकम खर्च आता है। सरकार की तरफ से सभी सुविधाएं होने के बावजूद भी विभाग के आला अधिकारी लोगों तक पानी की सप्लाई लगातार पहुंचाने में फेल हुए हैं। ग्रामीणों को आए दिन पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर विभाग ने समस्या को प्राथमिकता के आधार पर नहीं सुलझाया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर अधिकारियों का घेराव करने से पीछे नहीं हटेंगे।