अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा(बिलासपुर)।
अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा में सीमेंट वर्कर यूनियन की गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। बुधवार को बैठक मेन प्लांट 1370 में की गई। इसकी अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष सुरेश कुमार ने की। सुरेश कुमार ने यूनियन कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कंपनी की दमनकारी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। कंपनी मजदूरों को अलग-अलग रोल में विभाजित करना चाहती है। यूनियन ने कंपनी को इस मीटिंग के माध्यम से अवगत कराया कि कंपनी मजदूरों को बांटकर तोड़ने की नीति को संघ कभी भी सफल नहीं होने देगा।
उन्होंने बताया कि बुधवार 2 अगस्त को सूचना पट्ट पर एक नोटिस कंपनी ने लगाया है। यूनियन का आरोप है कि बिना उसे विश्वास में लेकर कंपनी मर्जी से मजदूरों को विभिन्न-विभिन्न माध्यम से उकसाने का प्रयास कर रही है। वर्करों को कंपनी के अधिकारी जबरदस्ती स्थानांतरण पत्र लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इसका यूनियन विरोध करती है। यूनियन अध्यक्ष ने कंपनी को साफ शब्दों में चेेताया कि कंपनी ने जो मजदूर विरोधी नोटिस लगाया गया है उसे तुरंत नोटिस बोर्ड से हटाया जाए। भविष्य में भी यूनियन को बताए बिना इस तरह का फैसला नहीं लिया जाए। अगर ऐसा हुआ तो
यूनियन इसके विरोध में कदम उठाने को मजबूर होगी। यूनियन हमेशा ही कर्मचारियों के हितों के लिए लड़ती है और कंपनी मैनेजमेंट से भी आग्रह करती है कि कर्मचारियों के हितों से कोई खिलवाड़ न करें अन्यथा यहां बड़ा आंदोलन भी खड़ा हो सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।