बिलासपुर। झंडूता कॉलेज में इस बार से कला, वाणिज्य, विज्ञान की कक्षाएं सुचारु रूप से शुरू हो गई हैं। 2019 से बैठने वाले शैक्षणिक सत्र के लिए जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। इसके अलावा कॉलेज को ग्रेड देने के लिए पहुंची राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की टीम ने महाविद्यालय को सी ग्रेड दिया है।
झंडूता महाविद्यालय की प्राचार्य नीना वासुदेवा ने बताया कि महाविद्यालय में सभी विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध हैं और इसी सत्र में विज्ञान संकाय भवन का शिलान्यास भी हो चुका है। जल्द ही विज्ञान भवन का कार्य शुरू हो जाएगा। ऐसे में विज्ञान संकाय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दूरदराज के कॉलेजों का रुख नहीं करना होगा। वह यहां पर झंडूता कॉलेज में पढ़ाई कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के निर्देशानुसार महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ हो जाएगी। महाविद्यालय प्राचार्य ने सभी अभिभावकों से अपील की अपने बच्चों को राजकीय महाविद्यालय झंडूता में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए भेजने में सहयोग करें।
गौरतलब है कि 2007 में झंडूता महाविद्यालय सुचारु रूप से शुरू हुआ था जिसमें विद्यार्थियों को पढ़ाना शुरू कर दिया था। उस समय कला संकाय के ही बच्चे यहां पर पढ़ने आते थे लेकिन अब यहां पर वाणिज्य व विज्ञान संकाय की भी कक्षाएं सुचारु रूप से चल रही है। विज्ञान संकाय के लिए भवन न हो पाने के कारण कला संकाय की इमारत में ही बच्चों को पढ़ाया जाता था लेकिन अब विज्ञान संकाय की बिल्डिंग तैयार हो गई है जिसमें इस सत्र से कक्षाएं बैठना भी शुरू हो जाएंगी।