अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। अब लोगों को अस्पताल जाने के लिए ऑटो का महंगा किराया अदा नहीं करना पड़ेगा। ऑटो यूनियन बिलासपुर ने क्षेत्रीय अस्पताल के लिए मात्र 10 रुपये एक सवारी के हिसाब से किराया सूची जारी कर दी है। यह किराया सिर्फ बस स्टेंड से अस्पताल के लिए जारी किया है। इस दौरान अगर सवारी चंपा पार्क, चेतना चौक या फिर उपायुक्त कार्यालय तक ही जाना चाहती है तो उन्हें भी 10 रुपये अदा करने पड़ेंगे।
यूनियन के प्रधान रफीक मोहम्मद ने बताया कि इस शुल्क पर उनके ऑटो अस्पताल तक ही जाएंगे। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले स्टेंड पर भी सवारियों से 10 रुपये लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूनियन ने शनिवार को यह बड़ा फैसला लिया है। यूनियन का कहना है कि लोगों को सस्ती और बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है ताकि सवारियों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो।
गौर हो कि ऑटो यूनियन बिलासपुर कुछ समय से एचआरटीसी द्वारा शुरू की गई लोकल बसों को लेकर अपना विरोध प्रकट करती आ रही है जिसके चलते कई बार उन्होंने जिला उपायुक्त को इस संदर्भ में ज्ञापन भी सौंपा लेकिन उन्हें किसी भी तरह का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। इसके चलते ऑटो यूनियन ने संयुक्त फैसला लेकर यह फरमान जारी कर दिया है ताकि प्रतिदिन अस्पताल के लिए आने वाले लोगों को वह सस्ती और बेहतर सुविधा दे सके।
इनसेट...
एचआरटीसी बिना परमिट से चला रहा बसें : रफीक
दी बिलासपुर ऑटो रिक्शा ऑपरेटर्स यूनियन के प्रधान रफीक मोहम्मद ने बताया कि एचआरटीसी द्वारा शुरू की गई अस्पताल के लिए बसें अवैध रूप से चलाई जा रही हैं। यह बसें बिना परमिट से अस्पताल तक चलाई जा रही हैं। जबकि इन बसों का परमिट सिर्फ बस अड्डा बिलासपुर तक ही है। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को उपायुक्त के साथ इस संदर्भ में बैठक रखी गई है वहां पर इस मुद्दे को उठाया जाएगा।