फॉलोअप....
क्यों नहीं हुई लोनिवि कर्मचारी से रिकवरी मांगी जानकारी
पूर्व सैनिकों ने लोनिवि विभाग से 26 सवालों केे मांगे जवाब
इसके आधार पर हाई कोर्ट में की जाएगी याचिका दायर
वहीं प्रदेश सरकार को भी इस संबंध में लिखा गया है पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी से लाखों रुपये की वसूली न होने के मामले में कई संस्थाओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में पूर्व सैनिक मदन लाल शर्मा और पूर्व वायु सेना फ्लाइट लेफ्टिनेंट ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सैनिक मदन लाल ने इस संबंध में आरटीआई के तहत सूचना मांगी है कि सरकार के आदेश के बाद भी आज तक लोनिवि के कर्मचारी से लाखों की रिकवरी क्यों नहीं हो पाई। वहीं अगर मामले की जांच अब भी चल रही है तो जांच अधिकारी का नाम और जांच कितने समय में पूरी होगी इस संबंध में पूछा गया है।
उक्त दोनों पूर्व सैनिकों ने पूछा है कि सालों से पेंडिंग चल रहे मामले पर आज लोक निर्माण विभाग क्यों खामोश है। जबकि अतिरिक्त सचिव ने इस मामले में पहले ही रिकवरी के आदेश दे रखे हैं। प्रार्थी ने इस मामले में अब लोक निर्माण विभाग से शुरू से लेकर अंत तक 26 सूचनाएं मांगी गई हैं। इसके बाद इस आधार पर मामले को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी ताकि सरकारी पैसे की वसूली हो सके और वहीं लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
वहीं पूर्व वायु सेना फ्लाइट लेफ्टिनेंट परस राम ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर अब सरकार की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोनिव के उक्त कर्मचारी से निलंबन के समय की 4,22,785 व दो साल गैर हाजिर रहने के करीब दो लाख अतिरिक्त रिकवरी के आदेश सरकार ने दिए हैं लेकिन लोनिवि की लापरवाही से उक्त मामले की फाइल एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय के चक्कर काट रही है।
-----------
....जारी