केमरी। घर से भागकर कहीं बाहर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खड़े प्रेमी युगल को पुलिस ने गश्त के दौरान दबोच लिया। दोनों पक्षों के बीच पंचायत चल रही है। मामला केमरी थाना क्षेत्र का है। चमरौआ पुलिस चौकी की एक टीम शनिवार की रात करीब दो बजे गश्त के दौरान चमरौआ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर खड़े एक युवक व युवती को संदिग्ध हालत में खड़ा देखा तो पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक व युवती ने अलग अलग बयान दिए। पुलिस ने तत्काल रात में ही दोनों के परिजनों को सूचना दी और पुलिस दोनों को केमरी थाने ले गई।
पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि वह दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और शादी करना चहाते हैं, जिसका उनके परिवारों के लेाग विरोध कर रहे हैं। इसलिए वह दोनों घर से कहीं बाहर जाकर अपनी दुनिया अलग बसाना चाहते हैं। रात में ही दोनों के परिजन भी केमरी थाने पहुंच गए। युवती पक्ष ने रात में ही युवक के खिलाफ उसकी नाबालिग पुत्री को बहना फुसलाकर अपहरण कर ले जाने की तहरीर दी। पुलिस ने किशोरी को चेतावनी देने के साथ उसके परिजनों को सौंप दिया। रविवार को पूरे दिन दोनों पक्षों की आपसी समझौते को लेकर पंचायत चली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।