सड़क किनारे व्यर्थ बह रहा पानी, लोग प्यासे
परनाल में पेयजल पाइपों के टूटने से समस्या, लोगों को दस दिन से नहीं मिल रहा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)।
मैहरीं काथला पंचायत के तहत परनाल गांव में सड़क किनारे पानी की पाइपें टूट गई हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों से दोचार होना पड़ रहा है। पानी की पाइपें टूटने के कारण कई दिनों से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है और दूरदराज के क्षेत्रों से पानी ढोकर लाना पड़ा रहा है।
मैहरीं काथला पेयजल योजना का पानी, दूसरी पेयजल स्कीमों के माध्यम से भ्याणू पीर के क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है। काफी दिनों से पानी व्यर्थ बहते रहने से लोग परेशान हैं। पाइपें टूटने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। लोगों को करीब 10 दिनों से पानी नहीं मिल रहा है। पाइपें टूटी होने से दूषित पानी नलों से होता हुआ कई घरों तक जा रहा है। इससे बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। आइपीएच विभाग के कर्मचारी भी इसी सड़क से होकर जाते हैं, लेकिन समस्या को अनदेखा कर रहे हैं।
आईपीएच विभाग के एसडीओ देशराज शर्मा का कहना है कि इस बारे में विभाग के पास कोई जानकारी नहीं मिली थी, लेकिन अब जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।