बिलासपुर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि 14 दिसंबर तक किसी भी सर्वे या ओपिनियन पोल के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत चुनाव आयोग की गाइड लाइन के मुताबिक 14 दिसंबर सायं 6 बजे से पहले विधानसभा चुनावों या किसी भी सीट से संबंधित एग्जिट पोल प्रसारित नहीं किए जा सकते। जिला की चारों विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 नवंबर को हो जाएगा और उसके उपरांत 14 दिसंबर सायं 6 बजे तक एग्जिट पोल या किसी भी सर्वे का परिणाम इलेक्ट्रोनिक व प्रिंट मीडिया में प्रसारित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।