बरठीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक पाठशाला सुन्हाणी के खेल मैदान में लगे हैंडपंप से दूषित पानी निकल रहा है। पीटीए कमेटी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दो माह से हैंडपंप से दूषित दुर्गंध वाला पानी निकल रहा है। विभाग को अवगत करवाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
रावमापा के पीटीए प्रधान नानक चंद, अश्वनी भारद्वाज, ओंकार सिंह, गोपाल राणा, अरुण कुमार, दीपक कौशल, छोटू राम, रिजवान, पंकज सोनी, हंसराज, संजीव राणा, प्रकाश चंद, दीनानाथ, प्रेम सिंह वर्मा, कैप्टन करमू राम, विपन, संतोषी सहित अन्य ने बताया कि पाठशाला के मैदान में कुआं वर्ष 1961 में स्थानीय ग्रामीणों ने बनाया था।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व कुएं का पानी दूषित हो गया और उसमें दुर्गंध आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कुएं पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने हैंडपंप लगा दिया है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि कुएं की सफाई करवाई जाए। उधर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता गफूर मुहम्मद ने बताया कि चुनावों के कारण अभी वह व्यस्त हैं। इसके बाद जलस्रोत की सफाई करवा दी जाएगी।