बिलासपुर। जिला में केबल ऑपरेटरों ने मनमानी करते हुए एक बार फिर शुल्क बढ़ा दिया है। इससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। केबल ऑपरेटरों की ओर से बिना किसी सूचना के ही मासिक शुल्क बढ़ाए जा रहे हैं। अगर कोई उपभोक्ता ऑपरेटरों से आपत्ति जताते हैं तो वह केबल कनेक्शन काटने की धमकी देते हैं। इस वर्ष बिना सूचना के केबल ऑपरेटर तीन बार मासिक शुल्क बढ़ा चुके हैं। इस बारे में प्रशासन को भी बार-बार आग्रह करने के बाद कोई समाधान नहीं निकल रहा है।
इससे पहले करीब तीन माह पहले जिला में केबल ऑपरेटरों ने मासिक शुल्क में 20 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इस बात को लेकर भी जिला के लोगों में रोष है। अब दोबारा से केबल ऑपरेटरों ने दस रुपये का इजाफा कर दिया है। इससे अब जिला भर के उपभोक्ता काफी परेशान हैैं। इस साल के शुरूआत में केबल ऑपरेटरों की ओर से यहां पर 200 रुपये मासिक शुल्क लिया जा रहा था। जबकि जुलाई माह के खत्म होते-होते यह शुल्क 30 रुपय बढ़ कर 230 हो गया है। हालांकि किसी भी ऑपरेटर को मासिक शुल्क बढ़ाने से पहले बनाई गई कमेटी में प्रस्ताव डाल कर पारित करवाना होता है। उसके बाद कमेटी तय करती है कि किराया बढ़ाया जाए या नहीं, लेकिन यहां पर बिना कुछ ऐसा किए ही ऑपरेटरों द्वारा मनमाने तरीके से मासिक शुल्क बढ़ाया जा रहा हैै। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द इस पर कार्रवाई की जाए।
इस बारे में उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर का कहना है कि अगर ऐसा है तो इस पर कार्रवाई की जाएगी। बिना किसी सूचना के केबल ऑपरेटर मासिक शुल्क नहीं बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता उनके पास शिकायत लेकर आ सकते हैं। इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।