बिलासपुर। नलवाड़ी मेले के साथ-साथ जिला के लोग सरस मेले का भी लुत्फ उठा सकेंगे। बिलासपुर 17 से 27 मार्च तक सरस मेले का आयोजन किया जाएगा जिसमें देश भर के विभिन्न राज्यों के अलावा प्रदेश के सभी जिलों के स्वयं सहायता समूह हाथों से बने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। इसके अलावा लोग इनकी खरीदारी भी कर सकते हैं। खबर की पुष्टि पीओ डीआरडीए संजीत सिंह ने की है।
गौरतलब है कि बिलासपुर में इससे पहले कभी भी सरस मेले का आयोजन नहीं किया गया था। केवल मंडी, कुल्लू, सहित चंबा में सरस मेले का आयोजन किया जाता है, जहां पर हर साल लोग विभिन्न राज्यों में हाथों से बने उत्पादों व व्यंजनों का लुत्फ उठाते हैं। ऐसे में बिलासपुर में भी काफी समय से लोगों की मांग थी कि यहां पर भी सरस मेले का आयोजन किया जाए। हालांकि पहले तक यहां पर स्थिति स्पष्ट नहीं थी कि सरस मेले का आयोजन किया जाएगा, लेकिन इस बार जिला प्रशासन के प्रयासों से सरस मेला करवाने को लेकर भारत सरकार की ओर से मंजूरी मिल गई। इसकेे बाद प्रशासन ने सरस मेले को लेकर रणनीति तैयार करना शुरू कर दी है। सभी जिलों के उपायुक्तों सहित देश के सभी राज्यों के विभागीय सचिवों को न्योता भेजा गया है कि वह सरस मेले के लिए अपने स्वयंसहायता समूहों को भेजें।
पीओ डीआरडीए संजीत सिंह ने बताया कि सरस मेले में स्वयं सहायता समूहों को बुलावा देने के लिए प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों सहित राज्यों से विभागीय सचिवों को न्योता भेजा गया है। इस बार बिलासपुर में सरस मेले का आयोजन किया जाएगा।
इनसेट....
मेले में करवाए जाते हैं नि:शुल्क स्टाल मुहैया
सरस मेले में आने वाले स्वयंसहायता समूहों को नि:शुल्क स्टाल मुहैया करवाए जाते हैं, इसके अलावा उनके खाने पीने से लेकर रहने तक की व्यवस्था भी नि:शुल्क की जाती है। पूरा का पूरा खर्चा प्रशासन की ओर से किया जाता है ताकि बाहरी राज्यों व जिलों से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जबकि भारत सरकार की ओर से सरस मेले के आयोजन को लेकर अलग से सहायता मुहैया करवाई जाती है।
इनसेट....
क्या होता है सरस मेला
सरस मेले में विभिन्न जिलों, राज्यों से आए स्वयं सहायता समूह के सदस्य अपने हाथों से बने हुए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाते हैं। इस मेले के जरिये वह अपने राज्य व जिला की प्रसिद्ध उत्पाद सहित व्यंजनों को प्रस्तुत करते हैं। लोग इन उत्पादों व व्यंजनों की खरीदारी भी कर सकते हैं। सरस मेले के जरिये लोग एक ही जगह पर देश के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध उत्पादों व व्यंजनों के बारे में जान सकते हैं। बिलासपुर में पहली बार सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है।