झंडूता में जगह-जगह दो दर्जन से ज्यादा मकानों को क्षति
झंडूता में प्रशासन ने लगाया दस लाख के नुकसान का आंकलन
अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता (बिलासपुर)। भारी मूसलाधार बारिश से उपमंडल झंडूता के तहत आने वाले विभिन्न स्थानों में करीब दो दर्जन मकानों में दरारें, रसोई घर और पशुशाला गिरने से करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
भारी बारिश से ग्राम पंचायत बलघाड़ में कोलका गांव के कुलदीप शर्मा, ज्ञान सिंह, सुरेंद्र कुमार पराहू गांव के धर्म सिंह के मकानों के साथ की जमीन खिसकने से मकानों को खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान रचना ठाकुर ने प्रभावित गांव का जायजा लिया। इसके साथ ही रोहल ग्राम पंचायत के राजकीय माध्यमिक स्कूल नंद नगराव की दीवार टूट गई। ग्राम पंचायत सुन्हाणी के मनन गांव में पशुशाला गिरने से एक पशु दबकर मर गया।
ग्राम पंचायत दाड़ी-बाड़ी के लेख राम के मकान में दरारें और विजयपाल की पशुशाला गिर गई। नायब तहसीलदार प्रेम लाल धीमान ने मौके पर जाकर नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को मकान खाली करने के साथ ही हल्का पटवारी को नुकसान की शीघ्र रिपोर्ट बनाकर कार्यालय भेजने को कहा है।
उपमंडल अधिकारी नागरिक नवीन शर्मा के अनुसार बीती रात क्षेत्र में हुई भारी मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में दो दर्जन मकानों में दरारें आने के अलावा रसोई घर, पशुशाला गिरने से करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सभी हल्का पटवारियों को नुकसान की शीघ्र रिपोर्ट बनाकर कार्यालय भेजने को कहा है।
-----------------------------
...सुभाष कपिल..खेमराज शर्मा।