किसानोंको दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
बरठीं में किसानों की समस्याओं के लिए संगोष्ठी आयोजित
उपायुक्त विवेक भाटिया ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं(बिलासपुर)। मानव विकास संस्थान के तत्वाधान में कृषि विज्ञान केंद्र बरठीं में किसानों की समस्या पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें बतौर मुख्यातिथि उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया ने शिरकत की। संगोष्ठी में जिला भर के किसानों ने भाग लेकर जहां अपनी समस्याओं का समाधान करवाया वहीं केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई किसानों व कृषि के क्षेत्र में जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
किसानों की समस्याओं का समाधान करने के पश्चात जिलाधीश विवेक भाटिया ने किसानों का आह्वान किया कि वह कृषि के क्षेत्र में अपनी आर्थिकी को कई गुणा ज्यादा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ किसान यदि बागवानी व पशुपालन की ओर भी ध्यान दें तो वहां न तो किसी जानवर के नुकसान का डर रहेगा और न ही बार-बार की बिजाई करनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि किसान कृषि के साथ-साथ बागवानी जैसे आम, लीची, आडू, नाशपाती, अनार, मशरूम, मधुमक्खी पालन में अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकते हैं जिसमें किसी प्रकार के नुकसान का डर भी कम हो जाता है।
उन्होंने कहा कि किसान पशु पालन में भी आर्थिक लाभ ले सकते हैं। वर्तमान में 50 प्रतिशत जनसंख्या कृषि व पशु पालन पर आधारित है और प्रदेश में वर्तमान में 49 लाख पशु हैं। इसमें 22 लाख गाएं व 7 लाख भैंसें किसानों ने अपने घर में पाल रखी हैं। इसके अलावा आठ लाख भेड़ व 12 लाख बकरियां किसानों की आजीविका का साधन हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1328 लाख टन दूध का उत्पादन किया जाता है। जबकि 1476 टन उन तैयार होती है। उन्होंने किसानों को बताया कि किसानों व बागवानों के लिए केंद्रीय सरकार और प्रदेश की सरकार गंभीर है और करोड़ों रुपये की सौगात कृषि के क्षेत्र में सरकार ने दी है। इसका किसानों को भरपूर लाभ उठाना चाहिए। संगोष्ठी में किसानों को आ रही दिक्कतों का भी निपटारा किया गया।
इस मौके पर एसडीएम झंडूता नवीन शर्मा, केवीके बरठीं के प्रभारी डॉ. जय देव शर्मा, डॉ. रविंद्र सिंह, कृषि उप निदेशक डीएस पंत, उपनिदेशक बागवानी डॉ. विनोद शर्मा, पशु पालन अधिकारी डॉ. कृष्ण देव, परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. पीसी ठाकुर, निदेशक मानव विकास संस्थान रश्म सिंह चंदेल, विनोद कुमार, सुमन शर्मा, निशा शर्मा, अंजना शर्मा, विक्रांत व बीना देवी सहित जिला भर के किसानों ने भाग लिया।
...-न्--
.जारी