अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर से सटे अवढ़ानीघाट में शिवलिंग स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग ने विशेष तौर पर शिरकत की। गर्ग ने कहा कि भगवान की कृपा व लोगों के आशीर्वाद से सात माह के कार्यकाल में ही घुमारवीं का चहुंमुखी विकास हुआ है। अल्प समय में ही लोगों की कई समस्याओं का समाधान किया है। जबकि शेष समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इस मौके पर विधायक राजेंद्र गर्ग ने अवढ़ानीघाट सामुदायिक भवन निर्माण को तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।
कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र का बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर निरंतर विकास सुनिश्चित किया जाएगा। चुनाव क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी देने का भरसक प्रयास किया जा रहा है। घुमारवीं चुनाव क्षेत्र में लंबे समय से चल रही पानी की समस्या को धीरे-धीरे दूर किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के जिस भी कोने में पानी की समस्या होगी उसे दूर किया जाएगा। क्षेत्र के विकास के लिए हर गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर रखी हैं जिनका लोगों को लाभ उठाना चाहिए।
इस मौके पर भाजपा मंडल महामंत्री सुरेश ठाकुर, सुरजीत सिंह, गरजा राम, किशोरी लाल, कुलदीप लखनपाल, गगन मेहता, अमृत गुलेरिया, मनोहर वर्मा, जगरनाथ गर्ग व नवनीत गुलेरिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।
...