भोट। फुंके हुए ट्रांसफार्मर को न बदलने और इसके लिए वसूली करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने भोट बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा किया। कहा कि बार-बार शिकायत के बाद भी न तो ट्रांसफार्मर बदला गया है और न ही अवैध वसूली की शिकायत का निस्तारण किया गया है। कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
शनिवार सुबह थाना क्षेत्र के पजावा गांव के ग्रामीण भोट बिजलीघर पहुंचे और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर एक माह में तीन बार फुंक गया है। विभागीय कर्मचारियों द्वारा बार बार ट्रांसफार्मर बदले जाने जाने के एवज में अवैध वसूली की मांग की जाती है। विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। एक सप्ताह पूर्व गांव का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर न बदले जाने से भड़के ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्दी ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह आंदोलन का मजबूर होंगे। जेई योगेश कुमार माहौर ने कहा कि पूर्व में फुंका ट्रांसफार्मर ठेकेदार कंपनी का था जिसे उसके द्वारा ही बदला गया था। ओवरलोड के कारण ट्रांसफारमर फिर फुंक़ गया है, शनिवार शाम तक बदल दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में शाकिर, मोहम्मद आसिफ, रिहान, अबरार, तसव्वर, मेहंदी हसन, अली अहमद आदि रहे।