बिलासपुर। बिलासपुर में हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के डियारा सेक्टर में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया जिससे घर के अंदर रखा सामान भी खराब हुआ है। प्रभावित परिवार के सदस्यों का कहना है कि अब बारिश का पानी रिस कर घरों की दीवारों में जा रहा है जिससे मकान को भी खतरा पैदा हो गया है।
चंडीगढ़ की तर्ज पर बसे बिलासपुर न्यू टाऊनशिप में जल निकासी का पूरा प्रावधान था लेकिन लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के कारण नालियों का अस्तित्व मिट गया है। गौर हो कि पूरे प्रदेश में यही एक मात्र एक ऐसा सुनियोजित शहर है जिसमें हर घर के बाहर गाड़ी के लिए पार्किंग और जल निकासी के लिए नाली बनाई गई थी लेकिन लोगों द्वारा किए अवैध कब्जों के कारण जलनिकासी नालियां समाप्त हो गई हैं।
विज्ञापन
हालत यह है कि घरों के अंदर पानी भर जाता है। जिले के डियारा सेक्टर में भी यही हाल है। बरसात का पानी घरों में घुस गया है। पानी की निकासी के लिए सही इंतजाम न होने से लोग परेशान हैं। जरा सी बारिश से घरों में पानी ही पानी हो जाता है और लोगों को खासी परेशानी होती है।
जिला मुख्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पानी की निकासी सही तौर पर न होने से बीमारियां फैलने का खतरा है। डियारा में अभी भी डेंगू का प्रकोप है, ऐसे में पानी के घरों में अंदर आने से डेंगू के चलते स्थानीय लोगों को और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अवैध कब्जों के कारण जो नालियां जल निकासी के लिए थीं वह बंद हो गई हैं।