दुराचारियों को हो फांसी की सजा : सिद्धू
बिलासपुर में हिमाचल नारी सभा सम्मेलन का शुभारंभ
सम्मेलन में महिला अधिकारों पर का होगा मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
जिला परिषद बिलासपुर में हिमाचल नारी सभा के दो दिवसीय राज्य सम्मेलन का शुभारंभ शनिवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एनएफआईडब्ल्यू निशा सिद्धू ने किया। अध्यक्षता कम्यूनिस्ट परवेश चंदेल ने की। इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न भागों से आए नारी सभा के कार्यकर्ताओं तथा महिलाओं ने सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन में महिला अत्याचार, रेप और दुराचार जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस दौरान राष्ट्रीय एनएफआईडब्ल्यू सचिव कवंरजीत, हिमाचल नारी सभा की सचिव मीरा शर्मा, कमलेश ठाकुर, सुरिंद्रा शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया। निशा सिद्धू ने उपस्थित सभी महिलाओं को महिला अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला किसी व्यक्ति के जीवन में मां, बहन और जीवन साथी का रिश्ता निभाती है। महिला बहन बन कर भाई की सहायता करती है। भाई की सभी गलतियों पर पर्दा डालती है। परिवार में सभी का साथ देती है। जब बड़ी हो जाती है तो शादी होने के बाद जीवन साथी बन कर पति की सेवा करती है। उन्होंने बताया कि हमें जिसने जन्म दिया वह भी एक मां ही थी लेकिन आज जब उसी महिला के साथ दुराचार हो रहे हैं तो उसे हम देख रहे हैं। समाज में छोटी-छोटी बच्चियों के साथ दुराचार हो रहा है। हिमाचल में हाल ही में लड़कियों तथा महिलाओं के साथ कई मामले दुराचार के सामने आए हैं। जो लोग महिलाओं के साथ दुराचार करते हैं, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। निशा सिद्धू ने कहा कि जो ऐसे दुराचार कर रहे हैं उनके लिए फांसी भी कोई बड़ी सजा नहीं है। ऐसे दुराचारियों को बीच चौराहे में जला देना चाहिए।